बोर्ड परीक्षा के लिए कक्ष निरीक्षकों की सूची तैयार करने के लिए 50 फीसदी से अधिक काॅलेजों ने शिक्षकों की सूची वेबसाइट पर अपडेट कर दी है। बचे हुए कॉलेजों की सूची सोमवार तक अपलोड करने की तैयारी है। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 218 केंद्रों बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर ड्यूटी के लिए कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे।
डीआईओएस ने सभी कॉलेजों को निर्देश दिया था कि विषयवार शिक्षकों की सूची वेबसाइट पर अपलोड करा दें, ताकि परीक्षकों की सूची तैयार हो सके। बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी में शुरू होनी हैं। परीक्षा में कुल 154613 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 74938 और इंटर के 79675 शामिल हैं। बोर्ड परीक्षा में कितने परीक्षकों की जरूरत पड़ेगी, इसकी सूची तैयार की जा रही है। परीक्षाएं दो पाली में कराई जाएंगी। परीक्षा में कितने कक्ष निरीक्षक लगेंगे, इसके लिए शिक्षकों का डिटेल जुटाया जा रहा है। उधर, केंद्र व्यवस्थापक कक्ष निरीक्षक बोर्ड से जारी निर्देशों का अनुपालन कराने के लिए मानक को पूरा करने में जुटे हैं। बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए सीसी टीवी कैमरे ठीक कराएं जा रहे हैं। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी भवन में कंप्यूटर लगाकर परीक्षा की निगरानी की जाएगी। इसके लिए जीजीआईसी के शिक्षकों के साथ डीआईओएस कार्यालय के स्टाफ लगाएं जाएंगे। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जल्द ही कक्ष निरीक्षकों की सूची भी फाइनल कर दी जाएगी।