शाहगंज। चूड़ी मोहल्ले में दो वाहनों की भिड़ंत के बाद मामला इतना बिगड़ गया कि पुलिस के जवान ही चपेट में आ गए। मनबढ़ पिता-पुत्रों ने सरेराह सिपाही के साथ धक्कामुक्की की। थाने में पहरे पर तैनात सिपाही की भी पिटाई की और नेमप्लेट तोड़ दी।। सिपाही की तहरीर पर केस दर्ज कर पिता व दो पुत्रों का चालान कर दिया गया।
चूड़ी मोहल्ला के समीप दो वाहनों में पास लेने के दौरान टक्कर हो गई। इसी बात पर सवारों में कहासुनी होने लगी। सूचना पर एसआई लव कुमार शुक्ला व सिपाही राम सिंह मौके पर पहुंचे। इस बीच पहुंचे एक पक्ष से राघवेंद्र प्रताप सिंह व उनके पुत्र सौरभ सिंह व ऋषभ सिंह ने पुलिकर्मियों से बदसलूकी शुरू कर दी। किसी तरह से पुलिस पिता-पुत्रों को थाने लाई। वहां पहरे पर तैनात सिपाही चंदन विश्वकर्मा के साथ भी मारपीट की गई। मनबढ़ों ने सिपाही की नेमप्लेट भी तोड़ दी। सीओ अंकित कुमार ने बताया कि सिपाही राम सिंह की तहरीर पर राघवेंद्र प्रताप सिंह, उनके पुत्र सौरभ व ऋषभ के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया। वहीं वाहन टक्कर के मामले में अब्दुल सत्तार निवासी चूड़ी मोहल्ला, विंध्याचल सिंह, अमित सिंह ताखा पूरब का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।