राजस्व से जुड़े मामलों के निस्तारण करने के लिए अब पुलिस अकेले नहीं जाएगी। वह ऐसे मामलों को हल करने के लिए सक्षम राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी को अपने साथ लेकर जाएगी। साथ ही दोनों पक्षों को अगले थाना दिवस में बुलाकर राजस्व विभाग के जिम्मेदारों के साथ मिलकर मामले को हल कराएगी। यह निर्देश डीएम मनीष वर्मा ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई पुलिस और राजस्व विभाग की सामूहिक बैठक में दी। इसके पहले एसपी अजय साहनी ने पुलिस लाइन में सभी थानाध्यक्ष, सीओ के साथ क्राइम मीटिंग की। निर्देश दिया कि आगामी त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखें। साथ ही लंबित मामलों को जल्द से जल्द निस्तारित करें। एसपी ने सावन में कहीं भीड़ हो पाए के लिए संबंधित थानाध्यक्षों को सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मोहर्रम के पहले थानों में बैठक करके शासन के गाइड लाइन की जानकारी देने का निर्देश दिया। इसी कड़ी में शुक्रवार की शाम शहर कोतवाली में शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें एसपी द्वारा दिए गए निर्देश की जानकारी दी गई। वहीं, मीरगंज थाना परिसर में थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई।