मछलीशहर। खजुरहट गांव के संपर्क मार्ग की पटरी पर नींव खोदकर किए जा रहे शौचालय के निर्माण को पुलिस ने रोकवा दिया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पीडब्ल्यूडी के जेई ने पहले ही नोटिस जारी कर कार्य नहीं करने की हिदायत दी थी।
खजुरहट गांव के लोगों ने शिकायत की कि कुछ लोग संपर्क मार्ग की पटरी पर नींव खोदकर शौचालय का गड्ढा बना रहे हैं। इससे इस मार्ग से जुड़े खजुरहट,जुड़ऊपुर, बरबसपुर, तिवारी का पूरा सहित आधा दर्जन गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। इसकी शिकायत शनिवार को जॉइंट मजिस्ट्रेट कुमार सौरभ और अवर अभियंता पीडब्लूडी आकांक्षा गुप्ता से भी की गई। पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड के अवर अभियंता ने आरोपी तिलक राज वर्मा को नोटिस जारी कर निर्देश दिया कि तत्काल निर्माण कार्य रोककर क्षतिग्रस्त मार्ग के गड्ढे को पूर्व की भांति बंद नहीं किया गया तो राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। नोटिस पाने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं रुका । ग्रामीणों ने रविवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मछलीशहर एवं जॉइंट मजिस्ट्रेट को फोन कर शिकायत की। जॉइंट मजिस्ट्रेट ने हल्का लेखपाल राहुल सिंह को मौके पर भेजा। वहीं कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर चार लोगों को हिरासत में लेकर काम रोकवा दिया। प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार राय ने बताया कि संपर्क मार्ग की पटरी क्षतिग्रस्त करने और नींव डालकर शौचालय का गड्ढा बनाने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। काम रोकवा दिया गया है। लोक निर्माण विभाग से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।