जौनपुर। आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा 2023 की तैयारियों के संबंध में बुधवार को डीएम रवींद्र कुमार मांदड़ ने पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा की। बैठक में परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर रणनीति बनाई गई। डीएम ने बताया कि इस परीक्षा में 105696 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा के कुल 52 केंद्र बनाए गए हैं।
डीएम ने बताया कि जिले में 17 व 18 फरवरी को दो पालियों (प्रथम पाली प्रातः 10 से 12 बजे तक, द्वितीय पाली अपरान्ह तीन से पांच बजे तक) में परीक्षा होगी। एक पाली में 26 हजार 424 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा ड्यूटी में नामित कर्मियों द्वारा परीक्षा केंद्र पर सुबह सात बजे से लेकर शाम परीक्षा समाप्त होने तक उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी बताया कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली की परीक्षा के लिए सुबह आठ बजे व द्वितीय पाली के लिए अपराह्न एक बजे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करेंगे। उन्होंने सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट, सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि बोर्ड द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाए। परीक्षा को सुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र व्यवस्थापक यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी परीक्षा केंद्रों के कक्षों में साफ-सफाई, विद्युत व प्रकाश, शौचालय, पेयजल आदि व्यवस्थाएं दुरूस्त रहे। परीक्षा शुरू होने से लेकर ओएमआर शीट जमा होने तक सभी व्यवस्थाओं के लिए केंद्र व्यवस्थापक मुख्य रूप से जिम्मेदार होंगे। केंद्र व्यवस्थापकों को सहयोग देने के लिए सुरक्षा व अन्य एजेंसियां कार्य करेंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से संबंधित जारी विभिन्न निर्देशों से भी अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा द्वारा भी आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था परीक्षा कराई जाएगी। इस मौके पर एडीएम राम अक्षयबर चौहान, एसडीएम सदर ऋषभ पुंडीर, डीआईओएस अशोक नाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।