चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री करने वाला जालसाज पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस हाथ मलती रह गई। काफी तलाश के बाद भी कहीं सुराग न मिलने पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।
तरहठी चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने मुंबई से चोरी हुई स्विफ्ट कार लेकर जालसाज के जौनपुर की तरफ जाने की सूचना दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तरहठी चौराहे पर चौकसी बढ़ा दी। कुछ देर बाद प्रयागराज की ओर से आ रही संदिग्ध कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन को तेजी से भगाने लगा। पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया तो गजराजगंज तिराहे पर कार खड़ी कर आरोपी फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक एसपी सिंह ने एसआई बृज बिहारी सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मियों की तहरीर पर आरोपी रामबली मिश्रा के खिलाफ जालसाजी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।