जौनपुर। मछली के कारोबार से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने वाले रवींद्र निषाद की अन्य सम्पत्तियों की भी पुलिस तलाश कर रही है। मुख्तार अंसारी के साथ साझा कारोबार करने के आरोप में पुलिस ने उनपर गुंडा एक्ट की कार्रवाई करते हुए चल अचल समेत करीब 4.70 करोड़ की सम्पत्ति कुर्क कर चुकी है। पुलिस को अनुमान है कि शहर में रवींद्र या उसके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम से और भी संपत्ति है, जो सार्वजनिक नहीं है। इसके लिए पुलिस नगर पालिका, बैंक और तहसीलों के अभिलेख खंगाल रही है।
नगर कोतवाली पुलिस ने जोगियापुर मोहल्ला निवासी रवींद्र निषाद और आंध्र प्रदेश निवासी उसके साथी बी नारायण को पुलिस ने तीन जुलाई को गिरफ्तार कर एक ट्रक मछली बरामद की थी। ट्रक से बरामद मछलियंो की कीमत 12लाख बताई गई थी। पुलिस का दावा है कि रवींद्र का मुख्तार अंसारी से संबंध है और इस अवैध कारोबार में मुख्तार का भी पैसा लगा है। मुनाफे की रकम मुख्तार अंसारी को भी जाती है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ संजय कुमार का कहना है कि मछली के अवैध कारोबार से अर्जित की गई रवींद्र निषाद की और भी सम्पत्तियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए शहर नगर पालिका और तहसील से संपत्तियों के रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं।