सुरेरी। थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें युवक के पुलिस से नेम प्लेट के बारे में पूछने पर उग्र होकर युवक को पीटा जा रहा है। किसी तरह युवक पुलिस के चंगुल से निकल कर भाग सका।
गांव निवासी बृजेश मिश्रा का उनके पड़ोसी साहब मिश्रा से कई वर्षों से भूमि विवाद चल रहा था। मंगलवार की दोपहर साहब मिश्रा की पक्ष से एक महिला ने 112 नंबर पर फोन कर जमीन पर जबरन कब्जा लगाने का आरोप लगाया। सूचना पर पीआरबी 112 रामपुर की टीम पहुंच गई। आरोप है कि मौके पर पहुंची पीआरबी टीम ने नेम प्लेट नहीं लगाया था तो पीड़ित पक्ष के युवक ने नेम प्लेट न लगाने की वजह पूछी। ऐसे में पुलिसकर्मी आपा खो बैठे और युवक को पीटने लगे। पिता को पिटता देखकर उसकी चार वर्षीय पुत्री रोने लगी। किसी तरह युवक जान बचाकर अपने चार वर्षीय पुत्री को पुलिस कर्मियों के चंगुल से छुड़ाकर भागा। यह सब वीडियो में दिख रहा है।
थानाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि पीआरबी के जवानों को धैर्यता से काम लेना चाहिए था, उन्हें मारपीट करने की कोई जरूरत नहीं थी, फिलहाल जो भी घटना है जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।