जौनपुर। एशियाई खेलों में भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी रोहित यादव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अक्तूबर को सम्मानित करेंगे।
15 अक्तूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में प्रधानमंत्री एशियाई खेलों के पदक विजेताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। प्रधानमंत्री से सम्मानित होने का बुलावा मिलने के बाद रोहित के पैतृक गांव अदारी-डभिया में खुशी का माहौल है। मछलीशहर तहसील के अदारी-डभिया गांव निवासी रोहित यादव ने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की ओर से उन्हें फोन और आधिकारिक व्हाट्सएप समूह के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। सभी पदक विजेताओं को 14 अक्तूबर तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद 15 अक्तूबर को प्रधानमंत्री आवास पर सम्मान समारोह आयोजित होगा। वहीं, रोहित के पिता और पूर्व मैराथन धावक सभाजीत यादव ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ी के लिए प्रधानमंत्री से मिलना और सम्मान पाना गौरव का पल है। यह सम्मान रोहित को भविष्य में ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के लिए नई ऊर्जा देगा। सम्मान समारोह में शामिल होने का बुलावा मिलने की खबर के बाद से ही घर पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। संवाद