चंदवक तिराहे पर दुर्घटना के बाद पलटी कार। संवाद
चंदवक। खलीलाबाद से विंध्याचल दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार रविवार की भोर में करीब तीन बजे चंदवक तिराहे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार अतुल कुमार (25), प्रीति देवी (20) और राजमती देवी (38) घायल हो गए। तीनों संत कबीर नगर जिले के खलीलाबाद क्षेत्र के महुली थाना क्षेत्र के बघाड़ी परसादीपुर गांव के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि खलीलाबाद से विंध्याचल दर्शन करने जा रहे स्विफ्ट डिजायर कार में अतुल कुमार, प्रीति देवी और राजमती देवी सवार थीं। भोर में करीब 3 बजे आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जाते समय कार अचानक अनियंत्रित होकर मंदिर की रेलिंग से टकराकर पलट गई। घटनास्थल के पास पिकेट पर तैनात मुख्य आरक्षी सुनील यादव ने कार से सवार घायलों को बाहर निकाला। सीएचसी डोभी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायल अतुल कुमार के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।