करंजाकला। हाॅकी के जादूगर स्व. मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हर साल की तरह इस बार भी जिला खेल कार्यालय की तरफ से तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 29 अगस्त से 31 अगस्त तक इंदिरा गांधी स्टेडियम, सिद्दीकपुर में होगा। इस दौरान हाॅकी, खो-खो और फिट इंडिया मिशन से जुड़ी साइकिल रेस आदि प्रतियोगिताएं होंगी।
29 अगस्त को सुबह 9:30 बजे ‘खेल दिवस’ मनाया जाएगा। शुरुआत में मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सभी खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को ‘फिट इंडिया शपथ’ दिलाई जाएगी। इसके बाद 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों की जिला स्तरीय हाॅकी प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों को हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। विद्यालय की टीमें अपने प्रधानाचार्य या खेल अध्यापक के माध्यम से 26 से 28 अगस्त तक जिला खेल कार्यालय में निःशुल्क प्रविष्टि करा सकेंगी। हर टीम में 16 खिलाड़ी और एक प्रशिक्षक या टीम मैनेजर शामिल होंगे। प्रतियोगिता के बाद विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के दूसरे दिन 30 अगस्त को जूनियर बालक खो-खो की मैत्रीपूर्ण प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस मैच का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और टीम भावना को मजबूत करना है। तीसरे दिन यानी 31 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना फिट इंडिया मिशन के तहत किया जा रहा है। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होने वाली इस साइकिल रेस में खिलाड़ी ही नहीं, आम नागरिक भी हिस्सा लेंगे। इसका मकसद फिटनेस के साथ पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना है ताकि देश आत्मनिर्भर बने और हर नागरिक स्वस्थ व बलशाली रह सके।