जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने शनिवार को खेतासराय स्थित ऐतिहासिक गूज़र ताल का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाने का निर्देश दिया। सोलर एवं हाई मास्ट लाइट लगाने का अधिकारियों को निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि गूज़र ताल के किनारों पर पौधरोपण कराया जाए, इससे क्षेत्र का पर्यावरण संतुलन सुदृढ़ हो तथा हरित वातावरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन के दृष्टि से ताल परिसर को आकर्षक एवं सुरक्षित बनाने के लिए सोलर लाइट तथा हाई मास्ट लाइट की लगाई जाए, इससे रात्रि के समय भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो सके। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ताल परिसर में प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई कराने, तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं स्वच्छता संबंधी सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गूज़र ताल जनपद की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है, इसके संरक्षण एवं विकास के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें, ताकि यह स्थल पर्यावरणीय संरक्षण के साथ-साथ लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। इस अवसर पर डीएफओ, एसडीएम शाहगंज उपस्थित रहे।