गौराबादशाहपुर। गौराबादशाहपुर जूनियर हाईस्कूल के पास बृहस्पतिवार को खुले गड्ढे में गिरने से आठ वर्षीय बालक मारुति की मौत हो गई थी। घटना के दूसरे दिन घर पर मातम छाया रहा। शुक्रवार को नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से भले ही गड्ढे को बांस-बल्ली व रस्सी से घेराव कर किया गया लेकिन वह भी नाकाफी है। जिसमें किसी भी छोटे बच्चे व जानवर की गिरने से मौत हो सकती है। शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचने वाले लोगों का पूरा गुस्सा प्रशासन व नगर पंचायत पर रहा।
ग्रामीणों के अनुसार, नगर पंचायत प्रशासन द्वारा खोदे गए गड्ढे में डूबकर कस्बे के जीवन जायसवाल उर्फ मोनू के आठ वर्षीय पुत्र मारुति की मौत हो गई जिससे नाराज होकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा करते हुए मार्ग जाम करने का प्रयास भी बृहस्पतिवार को ही किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत करवाया। बृहस्पतिवार की रात में ही शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करवाया गया। अचानक हुई इस घटना से कस्बे में मातम छा गया। मारुति घर से पड़ोस में एक भत्तवान में खाना खाने के लिए गया था घर वाले उसका इंतजार करते रहे लेकिन उसका शव घर पहुंचा। मारुति कक्षा तीन का छात्र था, उसका एक बड़ा भाई भी है। पिता जीवन जायसवाल को जैसे ही अपने पुत्र का ख्याल आ रहा है उनकी आंखें नम हो जा रही है। परिजनों की माने तो मारुति पढ़ने में बहुत होनहार था और खुशदिल मिजाज बालक था। जहां लोगों ने शिकायत किया कि दो दिन पूर्व बच्चे यहां बालीबाल खेल रहे थे बालीबाल गड्ढे में चला गया तो लोगों ने गड्ढे को ढकने की मांग की थी फिर भी सुनवाई नहीं हुई। इस बाबत एसडीएम सदर सुनील कुमार ने बताया कि तालाब के सुंदरीकरण को लेकर आठ से 10 घरों के निकलने वाले पानी को गड्ढे में बहाया जा रहा था। बालक की मौत में पीड़ित परिवार को जो भी मुआवजा देय होगा कि उसको देखकर दिलाया जाएगा।