सुइथाकला-सड़क हादसे में हुई मौत के बाद ट्रक और पिकअप को अलग करती जेसीबी मशीन। पाठक
सुइथाकला। सूरापुर से चिकन लादकर सहावें जा रही पिकअप शनिवार की भोर में करीब चार बजे लखनऊ-बलिया राजमार्ग स्थित खानपुर चौरवा के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। पिकअप ट्रक में फंसी रही और करीब दो किलोमीटर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना में पिकअप में सवार मो. अनस (21) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिकअप चालक और सहावें निवासी दीपक ने बताया कि हादसे के दौरान उसने मोबाइल का टॉर्च जलाकर कई बार ट्रक चालक का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया, लेकिन चालक को इसकी भनक नहीं लगी। जब तक उसे पीछे पिकअप फंसे होने की जानकारी हुई, वाहन जहरुद्दीनपुर तक पहुंच चुका था। इसके बाद ट्रक को वहीं छोड़कर चालक भाग गया।
हादसे में पिकअप के बाईं तरफ बैठे मो. अनस निवासी सजनी सकरपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष सरपतहा रामाश्रय राय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप को जेसीबी मशीन से ट्रक से अलग करवाया और दरवाजा तोड़कर कर शव को बाहर निकाला। दीपक और बीच में बैठे सोनू के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों को शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही दोनों गाड़ियों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराई। थानाध्यक्ष सरपतहा रामाश्रय राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से युवक गंभीर घायल
जलालपुर। क्षेत्र के मकरा चौराहा पर शनिवार दोपहर एक ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक शंभु गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लहंगपुर निवासी शंभु ट्राली के टायर के नीचे आ गया था। इस हादसे में उसके सिर के बाल उखड़ गए, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रेहटी पहुंचाया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने भी घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा था।
सुइथाकला-सड़क हादसे में हुई मौत के बाद ट्रक और पिकअप को अलग करती जेसीबी मशीन। पाठक