मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के छाछो गांव से गुजरे हाइवे पर वृहस्पतिवार की भोर मे स्नानर्थियों से भरी पिक अप चालक को नींद आने से पलट गई। पिक अप में सवार 15 लोग घायल हो गए। जिसमे से 13 को जिला अस्पताल रेफर किया गया है जहां उनका ईलाज चल रहा है। बिहार राज्य के जिला गोपालगंज, थाना कटिया, गांव गिरधर पुईया गांव के लगभग बीस ग्रामीण तीन पूर्व कुम्भ में स्नान करने संगम प्रयागराज एक पिक अप किराया पर लेकर गए थे।
बुधवार रात पूर्णिमा स्नान के बाद सभी प्रयागराज से वापस घर लौट रहे थे।गोपालगंज जहानाबाद निवासी चालक अभय कुमार ने बताया कि उनका वाहन कुंवरपुर टोल प्लाजा के निकट पहुंचा तो उसने नींद आने की बात कहकर वाहन पास के पेट्रोल पंप पर रोक दिया। किंतु पिक अप में सवार यात्री धीरे धीरे चलकर यात्रा चालू रखने की बात कहते हुए दबाव बना कर गाड़ी चालू करवा दिए । चालक अभय लगभग दस किलोमीटर आया था कि जौनपुर रॉयबरेली हाइवे पर छाछो गांव के निकट भोर में तीन बजे चालक को झपकी आने के कारण हाइवे के बगल शीशम के पेड़ से टकराकर पिकअप पलट गई।
वाहन पलटने से उसमे सवार विश्वनाथ (60),अर्जुन चौहान(30), विक्रमा महतो(69), नीपू कुमारी (15),सूरज चौहान (18),चम्पा (60), चिन्ता (50)राम रंजन महतो (60) ,महेश महतो (50), बुलेला महतो (53), प्रदीप चौहान (38) ,जगरनाथ महतो (55), सरस्वती देवी( 40), शनिचरी देवी (56),गुलाबी देवी (65) गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जबकि सूरज चौहान (18),चम्पा (60)को हल्की चोट आई है।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने एंबुलेंस की सहायता से सभी को सी एच सी भेजवाया। जहां चिकित्सक ने सूरज और चंपा को छोड़कर सभी घायल 13 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहा सभी का ईलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।उनके परिजनों को पुलिस के माध्यम से सूचना दी गई है। क्षतिग्रस्त वाहन को सुरक्षित बगल पेट्रोल पंप पर खड़ा किया गया है।