जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के मलूकपुर गांव में खुटहन वाया मोहदीसराय मार्ग पर मंगलवार को देर शाम पिकअप ने अपने आगे चल रही कार में टक्कर मार दिया। कार चालक ने जब इसका विरोध किया तो पिकअप सवार लोगों ने कार चालक समेत चार लोगों की पिटाई कर दी। घायलों की तहरीर पर पुलिस ने पिकअप सवार चारों अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मनवल गांव निवासी कर्मराज यादव अपनी कार में पिता उमानाथ, भाई और भांजे को लेकर सरपतहा थाना क्षेत्र के किसी गांव में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बाजार के पास पीछे से आ रही पिकअप ने कार में टक्कर मार दिया। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक उमानाथ कार से नीचे उतर पिकअप चालक से नाराजगी जाहिर करने लगे। तभी पिकअप सवार लोगों ने लाठी डंडे और रॉड से हमला कर दिया। आरोप है कि बीच बचाव को आए उसके पिता, भाई और भांजे को भी लात घूसों से पीटा। शोरगुल सुन लोग उनकी ओर दौड़े तो पिकअप सवार मौके से फरार हो गए। घायल कार चालक ने थाने पर तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक खुटहन संजय वर्मा ने बताया कि तहरीर के मिली है। चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।