जौनपुर। लोकसभा चुनाव के तहत नामांकन के तीसरे दिन बुधवार को बसपा की श्रीकला सिंह समेत कुल पांच उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। कड़े पहरे में कलेक्ट्रेट में बने नामांकन कक्षों में उम्मीदवार व प्रस्तावक पहुंचे। सभी ने शुभ मुहूर्त में कक्ष के अंदर प्रवेश किया। इस दौरान समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। वाहन जुलूस को नामांकन स्थल से 100 मीटर दूर ही रोक दिया गया।
जौनपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए बसपा की उम्मीदवार श्रीकला सिंह ने दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। समाज विकास क्रांति पार्टी के उम्मीदवार अशोक सिंह ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। अशोक सिंह सिर पर साफा बांधकर बैलगाड़ी पर बैठकर और हाथ में हरा गन्ना लेकर नामांकन करने पहुंचे थे। प्रवेश के दौरान पुलिस वालों ने उनका गन्ना जमा करवा लिया था। सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया(कम्युनिस्ट) के उम्मीदवार राम प्यारे ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। राष्ट्रीय साम्यवादी पार्टी के प्रत्याशी गोविंद लाल पटेल ने दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से निर्दल उम्मीदवार श्रवण कुमार ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से दो उम्मीदवार के लिए दो सेट में पर्चे लिए गए।