जौनपुर। सिटी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम 5.41 बजे ट्रेन संख्या 13239 पटना-कोटा एक्सप्रेस के नए ठहराव का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव व राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई। इससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहीं, सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रतिनिधि ने कार्यक्रम में अपमानित किए जाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके जवाब में सपा कार्यकर्ताओं ने पीडीए जिंदाबाद और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए। एक भाजपा कार्यकर्ता ट्रेन पर चढ़कर भगवा झंडा लहराने लगा। स्थिति को देखते हुए जीआरपी पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को हटाकर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि इस ठहराव से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि छात्रों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को अब दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बेहतर रेलवे कनेक्टिविटी से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। सांसद सीमा द्विवेदी ने भी लोगों को राहत मिलने की बात कही। उन्होंने जौनपुर से मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा की आवश्यकता बताते हुए रेलमंत्री से माता शीतला एक्सप्रेस चलाने की मांग करने की बात कही। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे, लखनऊ समर्थ गुप्ता, एडीआरएम गरिमा सिंह, स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक अनुराग तिवारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद लोग रहे।
सपा सांसद के प्रतिनिधि ने लगाया आरोप, मंच पर नहीं मिला सम्मानजन
सांसद प्रतिनिधि मनोज मौर्य ने मंच पर सम्मानजनक स्थान न मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के आमंत्रित होने के बावजूद उनके प्रतिनिधि को बोलने का अवसर नहीं मिला। वरिष्ठ सपा नेता राहुल त्रिपाठी ने भी सपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की बात कही। उन्होंने बताया कि किसी भाजपा जनप्रतिनिधि ने सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रयासों का उल्लेख नहीं किया। त्रिपाठी ने इसे सपा कार्यकर्ताओं का अपमान बताया और आगे की रणनीति पर चर्चा की बात कही।
ट्रेन का ठहराव समय
- 13239 पटना-कोटा: प्रतिदिन आगमन 5:41, प्रस्थान 5:43
- 13240 कोटा-पटना: प्रतिदिन आगमन 12:35, प्रस्थान 12:37
ट्रेन के ठहराव से यह होगा लाभ
इस ठहराव से जौनपुर से कोटा के कोचिंग छात्रों, आगरा जाने वाले पर्यटकों, मथुरा में बांकेबिहारी एवं मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं तथा व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा।