मुंगराबादशाहपुर से जंघई तक 21 किलोमीटर लंबे मार्ग की बदहाली को लेकर बुधवार को ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। आसपास के कई गांवों के दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रीय विधायक सीमा द्विवेदी के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार मांग करने के बावजूद सड़क नहीं बनवाई जा रही है। जर्जर सड़क पर आए दिन हादसे हो रहे हैं।
जनपद की तमाम सड़कों के साथ ही लगभग 21 किलोमीटर लंबे मुंगराबादशाहपुर-जंघई मार्ग की स्थिति दयनीय हो चुकी है। सड़क पर हिचकोले खा-खाकर आजिज ग्रामीणों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया और आसपास के कई गांवों के
दर्जनों ग्रामीण कबीरपुर तिराहे पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और रोड को दुरुस्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पांच वर्ष तक चलने वाली सड़क एक वर्ष बाद ही टूट गई थी।
शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नही हुई। वरुणा नदी का पुल टूटने की वजह से इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही अधिक हो गई थी। इससे सड़क पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील हो गई। दोपहर बाद डीएम के निर्देश पर पहुंचे
एडीएम गंगाराम गुप्त ने लिखित आश्वासन दिया कि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और अप्रैल तक इसकी मरम्मत कर दी जाएगी। इस पर लोग करीब चार घंटे बाद धरनास्थल से हटने को तैयार हुए। इस मौके पर विधायक
सीमा द्विवेदी ने कहा कि मुंगराबादशाहपुर से जंघई मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 2010 में हुआ था। एक वर्ष बाद ही सड़क पूरी तरह से टूट गई। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत लोक निर्माण मंत्री से लेकर डीएम तक से
की गई थी, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। जौनपुर-इलाहाबाद मार्ग पर स्थित वरूणा पुल के टूट जाने से इस मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया। इससे सड़क पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील हो गई। कहा कि राज्य सरकार
सड़क की स्थिति की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। उनके क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। गड्ढामुक्त सड़क देने का वादा करने वाली सरकार जनता को गड्ढायुक्त सड़क दे रही है। लोक निर्माण विभाग के मंत्री शिवपाल
यादव के आश्वासन खोखले साबित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार का विकास कार्य सैफई और इटावा तक ही सीमित हो गया है। धरना प्रदर्शन में नीभापुर, काशीडीह, बड़ागांव, रामपुर भोड़ी, कबीरपुर, तारडीह, मुरांव, मड़ार, गोधना, दरियांव,
बभनियांव सहित तमाम गांव के लोगों धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। इस मौके पर ग्राम प्रधान नीभापुर हरिगोविंद सिंह, पिंटू सिंह, सूर्य लाल जायसवाल, बबलू तिवारी, अभयराज मिश्रा, संतोष मिश्र, कल्लू तिवारी, मधुकर द्विवेदी, राजेश तिवारी, प्रवीण तिवारी, सुशील तिवारी, पंचम लाल, अतुल द्विवेदी सहित सैकड़ों लोग थे।