जौनपुर। जेल में क्षमता से अधिक बंदी और कोविड-19 के चलते तीन अप्रैल को पैरोल पर छोड़े गए 39 बंदियों का पैरोल आठ सप्ताह के लिए और बढ़ा दिया गया है।
जिला कारागार में क्षमता से अधिक बंदी होने और कोविड -19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शासन के निर्देश पर सात साल या इससे कम की सजा वाले मामलों में जेल में बंद 39 बंदियों को तीन अप्रैल को आठ सप्ताह के पैरोल पर छोड़ा गया था। उसके बाद आठ सप्ताह की पैरोल अवधि बढ़ाई गई थी। यह अवधि 23 सितंबर को पूरी हो रही थी। जेल प्रशासन को लगातार बंदियों के फोन आ रहे थे कि उन्हें कब जेल में दाखिला कराना है। मगर कोरोना का न तो संक्रमण कम नहीं होने के कारण उनकी पेरोल की अवधि आठ हफ्ते और बढ़ा दी गई है।
जेलर राजकुमार ने बताया कि शासन के निर्देश के बाद मंगलवार को आईजी जेल ने जेल प्रशासन को इस बात का निर्देश दिया कि छोड़े गए बंदियों की पैरोल अगले आठ सप्ताह के लिए फिर बढ़ा दी गई है। इसकी सूचना बंदियों के फोन से दे दी गई है। तीन अप्रैल को 40 बंदियों को पैरोल पर छोड़ने के आदेश हुए थे। एक बंदी की सजा पूरी होने में एक दिन बाकी रह गए थे। बंदी के आग्रह पर एक दिन बाद सजा पूरी होने पर उसे जेल से रिहा किया गया था। 39 बंदियों को तीन अप्रैल को ही छोड़ दिया गया था।