आधार कार्ड संशोधन में हो रही धांधली के विरोध में केराकत एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन करतीं ?
- फोटो : JAUNPUR
केराकत। स्थानीय डाक कार्यालय में मनमाने ढंग से आधार कार्ड का संशोधन करने और पहुंच वालों का पहले कार्य कर दिए जाने से आक्रोशित छात्रों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। साथ ही प्रार्थना पत्र सौंपकर लाइन में खड़े छात्रों का क्रमश: आधार संशोधन करने की मांग की। छात्रों ने संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन करने वाले छात्रों का कहना था कि आधार कार्ड के संशोधन को लेकर डाक विभाग के कर्मचारियों का रवैया गैर जिम्मेदाराना है। वे मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं। हम लोग रात 12 बजे से ही घरों से आकर डाक घर के सामने लाइन लगा ले रहे हैं, जिससे हम लोगों का आधार कार्ड का संशोधन हो सके। बिना खाए पीए 12-12 घंटे खड़े रहते हैं, लेकिन मात्र चार-पांच लोगों को कूपन थमा दिया जा रहा है। इतना ही नहीं जिनका डाक विभाग के कर्मचारियों से सांठ गांठ है, उनको पहले ही अंदर बुलाकर आधार कार्ड का संशोधन किया जा रहा है।
एसडीएम चंद्र प्रकाश पाठक ने आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन देकर छात्रों को शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में बंशीधर, अंकित कुमार, रोहित यादव, कृष्णा चौहान, अंशु मौर्य, मुकुल चौहान, राजकमल, विकास, आकाश, काजल, निरूपमा, रोबिना अंसारी, अंजू, संध्या, सोनी, सरिता, सोनम, आकांक्षा, एसएफ राणा प्रताप सूर्य व सनी सरोज आदि रहे ।