मल्हनी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव स्थित निजी विद्यालय में शुक्रवार को अभिभावक और विद्यालय प्रबंधक के बीच बकाया फीस को लेकर विवाद हो गया। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मामले में पुलिस ने विद्यालय प्रबंधक सुमंत यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
अपराध निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जासोपुर गांव निवासी अजय चौबे अपने बेटे का दाखिला देवकली गांव स्थित त्रिदेव पब्लिक स्कूल में करा रखा है। शुक्रवार को वह अपने बेटे का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान विद्यालय बकाया फीस का भुगतान करने के लिए कहा। इसे लेकर अजय चौबे और स्कूल प्रबंधक सुमंत यादव के बीच बहस शुरू हो गई। बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। मारपीट के दौरान अभिभावक अजय चौबे (30) घायल हो गए। पीड़ित अजय चौबे किसी तरह वहां से निकले और सरायख्वाजा थाना में विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर आधार पर प्रबंधक के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल अभिभावक का प्राथमिक उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला में कराया गया। इस मामले में दो युवकों को भी हिरासत में लिया गया है।