सतहरिया/मछलीशहर। जिला अस्पताल, बदलापुर और केराकत के बाद अब सतहरिया सीएचसी में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने की कवायद शुरू हुई है। सोमवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा और एसपी राजकरन नय्यर ने सतहरिया सीएचसी का निरीक्षण किया। यहां ऑक्सीजन प्लांट लगाने और 50 बेड के एल-1 अस्पताल खोलने की संभावनाएं देखी। उन्होंने शीघ्र प्रक्रिया शुरू करने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी संजय सिंह को निर्देश दिया कि मरीजों का अच्छे से इलाज किया जाए। इलाज के दौरान किसी भी मरीज कोई दिक्कत न उठानी पड़े। अगर किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण दिखे तो उसे कोरोना किट प्रदान करें। उन्होंने होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना मरीजों की नियमित रूप मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। इस दौरान एसडीएम मछलीशहर अंजनी सिंह, सीओ अतर सिंह आदि मौजूद रहे। इसके बाद दोनों अधिकारी मछलीशहर पहुंचे। सब्जी मंडी में भीड़ होने पर एसडीएम को निर्देशित किया कि भीड़ न लगने दें। मंडी बंद होते ही साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन कराएं। दवा के दुकानदारों से अपील की कि वह कोरोना मेडिकल किट तैयार रखें। लक्षण वाले मरीजों को यह किट दें, ताकि शीघ्र दवा के सेवन से बीमारी पर अंकुश लगे।