सिकरारा। शिक्षक दिवस पर केक काटकर डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्ण का जन्मदिन मनाती छात्राएं। स्कूल
जौनपुर। शिक्षक दिवस पर जिलेभर में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में 400 से अधिक शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मुंगराबादशाहपुर के शिक्षक संजय कुमार मिश्र को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 से नवाजा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में मुख्यमंत्री के गोरखपुर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना गया। इस अवसर पर बीएम समीर ने 75 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और एक पेड़ भेंट कर सम्मानित किया। बीएसए ने कहा कि शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शहर के एक होटल में आयोजित ‘गुरु श्रेष्ठ सम्मान समारोह’ में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने 300 सेवानिवृत्त गुरुजनों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि गुरु ही वह व्यक्ति है, जो अपने शिष्य को ज्ञान देने के साथ उसके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा प्रदान करता है। कार्यक्रम में पं. त्रिवेणी प्रसाद पांडेय, डॉ. आरपी सिंह, उर्मिला सिंह, आनंद कुमार मौर्य, जनार्दन प्रसाद अस्थाना, लहुरी राम, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह और चेयरमैन मनोरमा मौर्या उपस्थित रहे। अध्यक्षता डॉ. सत्येंद्र प्रताप सिंह ने की। संजय मिश्र राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित : मुंगराबादशाहपुर के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय गरियांव के शिक्षक संजय कुमार मिश्र को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गोरखपुर के बाबा गंभीर नाथ सांस्कृतिक केंद्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने श्री मिश्र को 25 हजार रुपये का चेक, राज्य अध्यापक पुरस्कार का प्रमाणपत्र और मां सरस्वती की प्रतिमा भेंट की। शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर बधाई दी। संजय मिश्र ने कहा कि इस सम्मान से उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है। मुंगराबादशाहपुर के बीईओ कार्यालय सभागार में उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के विदाई समारोह में 28 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त शिक्षक शंकरलाल और रमेश यादव को विदाई दी गई। बीईओ डॉ. अविनाश सिंह ने कहा कि शिक्षक बच्चों को ज्ञान देने के साथ उनमें चरित्र, संस्कार, अनुशासन और नई सोच विकसित करते हैं। शाहगंज : फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज में शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुत किया। प्राचार्य ने महाविद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित किया। प्राचार्य डॉ. तबरेज आलम और शिक्षकों ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। अरमान, सैफ, असमर, अफ्फान, हेरा और आयशा ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सिकरारा : इब्राहिमाबाद कंपोजिट स्कूल की आठवीं की छात्रा रिया यादव के लिए शिक्षक दिवस यादगार बन गया। प्रधानाध्यापक सुनील सिंह ने रिया को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक नामित कर दिया। शिक्षिका चंद्रा यादव ने रिया का बैज अलंकरण कर स्वागत किया। रिया ने कहा कि समाज में नारी सशक्तीकरण तभी संभव है, जब बालिकाएं शिक्षित होंगी।
गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन : सिकरारा क्षेत्र के खाना पट्टी स्थित मां शारदा इंटरमीडिएट बालिका विद्यालय में प्रधानाचार्य शरद सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन को महान दार्शनिक, शिक्षाविद् और आदर्श शिक्षक बताया। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने गुरु की महिमा बताते हुए उन्हें राष्ट्रनिर्माता कहा। बरसठी के बबुरीगांव स्थित राधाकृष्ण मंदिर में शिष्य कमला यादव ने अपने गुरु इंद्रसेन यादव को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया। पूविवि में डॉ. राधाकृष्णन को नमन : पूर्वांचल विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया गया। कुलपति प्रो. राकेश सिंह ने कहा कि एआई सूचना उपलब्ध करा सकती हैं, किंतु संवेदनशीलता, नैतिकता, मानवीय मूल्यों और विवेक का विकास शिक्षक ही कर सकता है। कुलसचिव डॉ. विनोद सिंह ने गुरु के स्थान को सर्वोच्च बताया।