जौनपुर। बदलते मौसम के कारण वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या 40 फीसदी तक बढ़ गई है। बारिश के मौसम में मलेरिया और डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य टीम ने निगरानी बढ़ा दी है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को 1032 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें से 400 मरीजों को जांच कराने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों की मानें तो वायरल संक्रमण के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। जांच के बाद ही बुखार के कारणों का पता चल रहा है।
केस- एक : बदलापुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि वायरल संक्रमण के कारण हर दिन ओपीडी में 400 से ज्यादा मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा बुखार और खांसी व पेट दर्द से पीड़ित है। इसमें 170 मरीजों की जांच की गई है। बुखार वाले मरीजों को मलेरिया और डेंगू चिह्नित करने की लिए जांच कराई जा रही है।
केस-दो : मड़ियाहूं सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार भारती ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन इलाज के लिए 350 से ज्यादा मरीज आ रहे हैं। इसमें बुखार वाले मरीजों की प्राथमिकता से जांच कराई जा रही है। हर दिन 75 से ज्यादा मरीजों को जांच कराने की सलाह दी जा रही है। मंगलवार को 72 मरीजों की जांच कराई गई।
केस- 3 : पीएचसी खेतासराय के अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश यादव ने बताया कि इस समय संक्रमण का मौसम चल रहा है। हर दिन इलाज के लिए 150 से ज्यादा मरीज आ रहे हैं। इसमें से 50 से ज्यादा मरीजों की जांच कराई जा रही है। वायरल संक्रमण वाले मरीजों की संख्या अधिक है।
वायरल संक्रमण और बारिश के दौरान मलेरिया और डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य इकाइयों पर उपचार के लिए आने वाले मरीजों की निगरानी बढ़ा दी गई है। डॉक्टरों को निर्देश दिया गया है कि बुखार के मरीज की जांच प्राथमिकता से कराई जाए। सीएचसी पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
डॉ. गंगाराम गौतम, सीएमओ जौनपुर