सिंगरामऊ। लालगंज फीडर की हाईटेंशन लाइन ठीक करते समय हरिहरपुर गांव निवासी कुंदन गौतम झुलस गया। बिजली निगम के एसडीओ शोएब अंसारी ने बताया कि झुलसा व्यक्ति बिजली निगम का कर्मचारी नहीं है। क्षेत्र के लाइनमैन से जवाब मांगा गया है कि हाईटेंशन लाइन के खंभे पर बाहरी व्यक्ति कैसे चढ़ गया। इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को पीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पावर हाउस पर तैनात एसएसओ अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि एक ही खंभे से दो फीडरों की सप्लाई होती है। एक फीडर का शटडाउन संविदा लाइनमैन ने लिया था। इस खंभे में दूसरे फीडर की बिजली चालू थी। इसी लापरवाही के कारण यह घटना हुई है।