जौनपुर। महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री स्वाति सिंह बृहस्पतिवार को जिले में पहुंची। उन्होंने पीडब्लूडी डाक बंगले में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए संबंधितों को कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने विधवा पेंशन योजना के लाभार्थियों के नई पेंशन स्वीकृति और उनके खाते में धनराशि अंतरण के बारे में पूछा। जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 4947 पेंशन स्वीकृत की गई है। द्वितीय किस्त के रूप में 51997 लाभार्थियों को पेंशन अंतरित हुई है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 13400 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इसमें से 10,300 फार्म फाइनल सबमिट हुए हैं। 1243 आवेदन स्वीकृत कर पीएफएमएस पोर्टल पर धनराशि प्रेषण के लिए अपलोड किया गया है। 2974 आवेदन अपात्र मिले हैं। मंत्री ने सभी आवेदन पत्रों का सत्यापन कराकर शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने 11 से 14 वर्ष की स्कूल न जाने वाली किशोरियों के सखी सहेली कार्यक्रम के प्रशिक्षण, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण की भी समीक्षा की। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास एवं पुष्टाहार राकेश मिश्रा, बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपक मिश्रा, बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय, तहसीलदार सदर ज्ञानेंद्र सिंह, वरिष्ठ लिपिक हर्ष सिंह ने उपस्थित रहे। बैठक के पहले मंत्री ने रुहट्टा स्थित भाजपा नेता ओमप्रकाश सिंह के आवास पर पहुंची। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के आवास पर जाकर भी शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।