जौनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र रविवार को विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए जौनपुर पहुंचे। जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पूछी। प्रमुख सचिव ने खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल कुंभ कराने, बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने और मनरेगा पार्कों में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में स्तंभ लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सीवर लाइन के काम का निरीक्षण किया और माता शीतला के दरबार में शीश नवाया।
सबसे पहले मुख्य सचिव कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे और जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन करने के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि मनरेगा पार्कों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्तंभ लगवाएं और उन पर उनका जीवन परिचय लिखें ताकि लोग प्रेरणा लें। उन्होंने जिले में खेल महाकुंभ कराने और खिलाड़ियों को निखारने की सलाह दी। मुख्य सचिव ने कहा गांव की सड़कों का नाम उन खिलाड़ियों के नाम पर रखें, जिन्होंने खेल के क्षेत्र में विशेष योगदान दिया है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को मॉडल तालाब दिखाने को कहा, ताकि उनके मन में जल संरक्षण के भाव जगें। बीएसए को निर्देश दिया कि अगले सत्र में शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन और उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने शहर में चल रहे सीवर लाइन बिछाने के काम का जायजा लिया। कहा कि तेजी से काम पूरा कराएं और यातायात ज्यादा बाधित न हो, इसका भी ख्याल रखें। कहा कि सोमवार को जल निगम के एमडी सीवर लाइन का काम का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद मुख्य सचिव ऐतिहासिक शाही किला भी देखने पहुंचे। इस दौरान डीएम मनीष कुमार वर्मा, एसएसपी अजय कुमार साहनी, सीडीओ साईं तेजा सीलम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयबर चौहान, सीआरओ गणेश प्रसाद सिंह, नगर मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह, आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ.अंकिता राज, एसपी सिटी डॉ. संजय कुमार, डीडीओ बीबी सिंह, डीएसटीओ आरडी यादव, ईओ संतोष मिश्र आदि मौजूद थे।
सरोवर के जल को बनाएं आचमन योग्य : प्रमुख सचिव
जौनपुर। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र विकास कार्यों की समीक्षा करने के बाद चौकिया पहुंचे और माता शीतला के दरबार में शीश नवाया। यहां सरोवर में गंदगी देख प्रमुख सचिव व्यथित हुए। सरोवर में प्लास्टिक की बोतलं, माला-फूल फेंके गए थे। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि तालाब की सफाई कराएं और इसके जल को आचमन के योग्य बनाएं। उन्होंने डस्टबिन रखने और सरोवर में मछली व कछुआ डलवाने को कहा।
चौराहों पर 10 से 15 मिनट तक रोका आवागमन ...
मुख्य सचिव के आगमन के मद्देनजर सड़कों पर चूना छिड़का गया था और चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात थे। प्रमुख सचिव के गुजरने से पहले चौराहों पर 10 से 15 मिनट तक यातायात को रोक दिया गया था। इससे लाइन बाजार चौराहा, जेसीज चौराहा, ओलंदगंज तिराहा, ओलंदगंज मार्ग, सद्भावना तिराहा, चहारसू चौराहा, किला रोड, वाजिदपुर तिराहा, पालिटेक्निक चौराहे पर काफी देर तक जाम लगा रहा।
------------------
37 का पहाड़ा सुनाने पर दिया एक हजार का इनाम
मुख्य सचिव बक्शा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय अभय चंदपट्टी और प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर का निरीक्षण किया। यहां कक्षा चार के दिव्यांग छात्र शिवम कन्नौजिया ने 37 का पहाड़ा सुनाया तो प्रमुख सचिव ने खुश होकर उसे एक हजार रुपये का इनाम दिया। डिस्कवरी लैब में छात्रों से ग्रहों के बारे में पूछा। यहां उन्होंने अमृत सरोवर, सचिवालय, ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया और पौधा भी लगाया।