मुंगराबादशाहपुर। नगर पालिका अध्यक्ष कपिल मुनि गुप्त और 25 सभासदों ने शनिवार की शाम शक्ति पीठ मां काली जी मंदिर परिसर में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम मछलीशहर राजेश चौरसिया ने पहले चेयरमैन कपिल मुनि गुप्त को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उसके बाद सभी 25 सभासदों सुनीता, राजेश, योगेन्द्र, चन्दा देवी, निकुंज गुप्ता, वीरेंद्र, कंचन, बैजनाथ, रीतेश, संजय, शोएब, राकेश, सपना, लक्ष्मीना, रंजना, सरोजा, रमेश, दिलीप, गणेश, दुर्गावती, हिरावती, अनिल, एजाज, सौरभ जायसवाल को शपथ दिलाई । मुख्य अतिथि एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि इसके पूर्व चुनाव के दौरान हमने मुंगराबादशाहपुर के जनता जनार्दन से यह वादा किया था कि भाजपा का चेयरमैन होने पर विकास की गति बढ़ जाएगी।आप लोगों ने अपने वादे पूरे कर दिया है। आज प्रदेश सरकार और अपनी ओर से आश्वस्त करता हूं कि नगर पालिका के लिए जो बजट स्वीकृत किया जाता है उसे पूरी तरह विकास के लिए खर्च किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नगर पालिका के बजट को दोगुना कर दिया जाएगा। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी व भाजपा नेता अजय शंकर दुबे अज्जू ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, विधायक रमेश मिश्रा, ईओ मीनाक्षी चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।