चिकित्सक की पिटाई किए जाने के विरोध में सीएचसी बंदकर प्रदर्शन करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : jounpur
बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के वरिष्ठ चिकित्सक तथा यूपीपीएमएस के जिला सचिव डा. रफीक की पिटाई के विरोध में शनिवार को सीएचसी पर स्वास्थ्य कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। पूरे दिन ओपीडी सेवा ठप रही। जिससे लोगों को परेशानी हुई।
नाराज अस्पताल कर्मचारिोयं ने अस्पताल का गेट बंद कर विरोध जताया । उन्होंने पिटाई करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेताया कि गिरफ्तारी होने तक ओपीडी सेवा ठप रखी जाएगी।
सीएचसी पर तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डा. रफीक को शुक्रवार की देर शाम मनबढ़ों ने उनके आवास पर पिटाई कर दी थी। जिसके विरोध में अस्पतालकर्मी विरोध प्रदर्शन करते हुए हड़ताल पर चले गए और उन्होंने ओपीडी सेवा ठप कर दी। ओपीडी सेवा बाधित रहने से अस्पताल आने वाले मरीजों को यहां से जिला मुख्यालय या फिर किसी प्राइवेट अस्पताल का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान डा. संजय दुबे, डा. अभिषेक वर्मा, दिलीप मिश्र, अमित कुमार मिश्र, राकेश मिश्र, राजकुमार पाण्डेय मौजूद रहे ।
उधर, वरिष्ठ चिकित्सक की पिटाई के विरोध में मेडिकल संचालकों ने भी अपना प्रतिष्ठान बंद कर अस्पताल कर्मियों के प्रदर्शन का समर्थन किया है। बदलापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक जयदीप वर्मा ने बताया कि घटना के नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी जरूर की लेकिन किसी की गिरफ्तारी नही हो सकी। बहरहाल पुलिस कोशिश में लगी है।