जौनपुर। लखनऊ में अवैध कोचिंग सेंटर में हुए हादसे का असर जनपद में देखा जा रहा है। जनपद में लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी चेकिंग अभियान चलाया गया। एडीएम परमानंद झा ने बताया कि जनपद में दूसरे दिन 48 कोचिंग सेंटरों की जांच की गई, जिसमें सात सही मिले। शेष सभी को नोटिस जारी किया जा रहा है।
एडीएम ने नौ कोचिंग और डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण का है। इसमें सबसे ज्यादा खराब स्थिति न्यू लाइट क्लासेज और आकाश इंस्टीट्यूट उत्सव मोटल का रहा। दोनों भूतल में संचालित हो रहे थे। वहीं, एसडीएम सदर योगिता सिंह ने 18 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। शिक्षा विभाग अपनी टीम गठित कर पहले 8 तो दूसरे दिन 15 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। इसमें से 11 बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित मिले। उनमें भी अधिकांश पर फायर सेफ्टी तक की व्यवस्था नहीं थी। इस पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में 28 कोचिंग सेंटर पंजीकृत हैं। लेकिन, इसके अलावा भी बिना रजिस्ट्रेशन के कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिनके खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है।
टीम ने बुधवार को प्राइड कोचिंग क्लासेस, केडी एस कोचिंग क्लासेज पाली सुबासपुर और जिज्ञासा एकेडमी का निरीक्षण किया। ये बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हैं और यहां फायर सेफ्टी की कोई व्यवस्था नहीं है। इनमें एक तो टिनशेड में संचालित हो रहा था, निरीक्षण के दौरान कोचिंग बंद मिला। रुद्रा कोचिंग क्लासेस एंड लाइब्रेरी, आदर्श लाइब्रेरी, ग्रेट मिशन कोचिंग बदलापुर, कृष्णा कोचिंग बदालपुर, मास क्लासेज, मार्डन कोचिंग पाली, एनआरएस बड़ाव का भी निरीक्षण गया है। ये भी बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा है। इसी तरह टीम ने मास एकेडमी हुसेनाबाद, फिजिक्स वाला प्राइवेट लिमिटेड लाइन बाजार, प्रांजल कोचिंग संस्थान सेवईनाला, लक्ष्य इस्टीट्यूट मुंगराबादशाहपुर का निरीक्षण किया, जो पंजीकृत पाए गए और यहां की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने को कहा गया।
बेसमेंट में मिली ई लाईब्रेरी
चंदवक। नायब तहसीलदार संदीप सिंह केराकत और थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में बाहर के कोचिंग सेंटरों और ई लाइब्रेरियों में सघन जांच अभियान चलाया गया। नायब तहसीलदार संदीप सिंह में बताया कि इस दौरान शिवा डिजिटल लाइब्रेरी बेसमेंट में चलता मिला। मौके पर रजिस्ट्रेशन एवं अन्य संबंधित एनओसी और कागजात नहीं मिले। इसे तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए।