जौनपुर। स्कूल बंद रहने तक एक बार फिर परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को ऑनलाइन क्लास से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) से यूट्यूब पर ऑनलाइन क्लास का संचालन होगा। विद्यालय के शिक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि वह अधिक से अधिक बच्चों को ऑनलाइन क्लास से जोड़ने का काम करेंगे। और ब्लॉक के सभी विषय विशेषज्ञ अलग-अलग समय में आकर यूट्यूब पर ऑनलाइन क्लास चलाएंगे। फिलहाल इसकी शुरुआत ब्लाक संसाधन केंद्र बक्शा से होगी। सोमवार को टाइमटेबल तैयार किया जाएगा और मंगलवार से ऑनलाइन कक्षा का संचालन होगा।
स्कूल बंद होने के कारण बच्चों की पढ़ाई ठप होने से चिंतित बक्शा के सभी एआरपी ने आपस में बैठक कर यह तय किया है कि जबतक शासन से कोई दिशा निर्देश नहीं आता है तबतक वे बीआरसी से ही ऑनलाइन क्लास का संचालन करेंगे। ब्लाक संसाधन केंद्र पर प्रोजेक्टर, हाईस्पीड इंटरनेट के अलावा सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं। जिसके माध्यम से वे सभी कक्षा का ऑनलाइन प्रसारण यू-ट्यूब पर आसानी से कर सकेंगे। इसके लिए ब्लाक के सभी विषय विशेषज्ञों से मदद ली जाएगी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए विषय विशेषज्ञ निर्धारित समय पर बीआरसी पर पहुंचेंगे। जहां वे कक्षा संचालन करेंगे और उसका सीधा प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से होगा। सभी स्कूलों के शिक्षकों को जिम्मेदारी दी जा रही है कि वे अधिक से अधिक छात्रों को ऑनलाइन क्लास से जोड़ने का काम करेंगे।
पहले गणित, विज्ञान और सोशल साइंस की चलेगी कक्षा
पहले गणित, विज्ञान और सोशल साइंस विषय की कक्षा का संचालन होगा। ब्लाक के अन्य स्कूलों पर तैनात विषय विशेषज्ञों से सम्पर्क किया जा रहा है। उनसे भी मदद ली जाएगी। कक्षावार विषय विशेषज्ञों को अलग अलग समय पर बीआरसी पर आकर आनलाइन क्लास का संचालन करना होगा। जबतक अन्य स्कूलों से विषय विशेषज्ञ नहीं आएंगे तबतक सभी पांच अलग अलग विषयों के एआरपी यह जिम्मेदारी निभाएंगे।
:::
कोरोना संक्रमण काल में स्कूल बंद हैं ऐसे में बच्चों की पढ़ाई के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाली पी ढ़ी शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ जाएगी। यह देखते हुए शिक्षकों ने कमर कस ली है। विपरीत परिस्थितियों में हर सावधानी बरतते हुए बच्चों की शिक्षा जारी रखने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
चतुर्भुज यादव
एआरपी बक्शा