मछलीशहर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कोढ़ा गांव के निकट रविवार की रात एक ही बाइक पर सवार दो लोग अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गए। बाइक चला रहे युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक को मछलीशहर सीएचसी से भर्ती कराया गया है ।
धर्मराज बिंद (40) और अखिलेश पटेल निवासी ग्राम करौंदी एक ही बाइक से मछलीशहर क्षेत्र के कोढ़ा गांव में रामजस बिंद के यहां शादी समारोह में शामिल होने आये थे। रात में जयमाल होने के बाद वे खाना खाकर घर लौट रहे थे। दोनों कोढ़ा गांव के पास पहुंचे थे तभी बेकाबू बाइक सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। इसमें दोनो बाइक सवार घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी लाया गया जहां धर्मराज के सिर में गंभीर चोट देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जबकि अखिलेश पटेल को हल्की चोट लगी है उनका इलाज चल रहा है।