सरपतहां थाना क्षेत्र के रुधौली बाजार के समीप मंगलवार की देर रात सड़क किनारे खड़ी जेसीबी से बोलेरो की टक्कर हो गई है, जिसमें बोलेरो चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सुल्तानपुर जनपद के हमजापुर थाना कादीपुर निवासी अवधेश (30) पुत्र संतराम, सर्वेश यादव (26) पुत्र राम सहाय, कालिकापुर थाना कादीपुर निवासी आयुष (15) पुत्र बाबूराम मंगलवार की देर रात बोलेरो पर सवार होकर शाहगंज की ओर से घर लौट रहे थे। रुधली बाजार के समीप गैस एजेंसी के पास पहुंचे, जहां सड़क किनारे जेसीबी खड़ी करके उसका चालक कुछ काम कर रहा था। बताते हैं कि बोलेरो अनियंत्रित होकर जेसीबी से टकरा गई। भीषण टक्कर में जीप चालक अमित कुमार (20) पुत्र लालजी यादव निवासी कालिकापुर थाना कादीपुर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अवधेश, सर्वेश व आयुष गम्भीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची सरपतहां थाने की पुलिस ने मृत चालक के शव को कब्जे में लेते हुए घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां तीनों की गम्भीर हालत देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लिया। घटना की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया।