थानागद्दी-मोड़ेला मार्ग पर रग्घुपुर गांव के पास स्थित बोध बाबा मंदिर के सामने सड़क दुर्घटना में सोमवार की रात एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
चंदवक थाना क्षेत्र के बरामनपुर के पुरवा घुना के पूरा निवासी फौजदार यादव (50) और मनोज (27) बाइक से खड़हर डगरा मुफ्तीगंज से बरात कर रात साढ़े नौ बजे वापस अपने घर जा रहे थे। रघुपुर मोड़ के पास ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर दोनों पटरी पर गिर गए, जहां पहले से ईंट के टुकड़े रखे हुए थे।
गिरते ही ईंट के टुकड़े से दोनों के सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने घर वालों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में वाराणसी स्थित शुभम हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने फौजदार यादव को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम करवाए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घायल मनोज का इलाज करवा कर वापस घर ले गए।