जौनपुर। जिले में कोरोना से एक और मौत हो गई है। कोविड-19 अस्पताल में भर्ती प्रवासी ने सोमवार को बीएचयू में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसे रविवार को यहां से रेफर किया गया था। उधर, मुंबई से आए मां-बेटे समेत चार नए मरीज भी मिले हैं। दो अन्य मरीजों में एक हरियाणा और एक दिल्ली से आया है। चारों होम क्वारंटीन में थे और किसी में भी कोरोना का कोई लक्षण स्पष्ट नहीं था। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें कोविड-19 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 483 हो गई है। सोमवार को 17 मरीज स्वस्थ भी हुए। अब एक्टिव केस 130 रह गए हैं।
केराकत के डेहरी गांव की अनुसूचित बस्ती निवासी 45 वर्षीय शख्स मई में दिल्ली से लौटा था। कोरोना जांच को लिए गए सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे पूविवि में बने कोविड-19 के एल-1 अस्पताल में भर्ती किया गया था। रविवार को तबीयत बिगड़ने पर रेहटी में निर्मित एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर बीएचयू रेफर कर दिया गया था। सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सीएमओ डॉ. रामजी पांडेय ने बताया कि कोरोना पीड़ित मरीज की बीएचयू में मौत की खबर मिली है। इसके परिवार व अन्य लोगों की जांच कराई जा रही है। उधर, धर्मापुर के किर्तापुर गांव में 15 जून को 25 वर्षीय युवक अपनी मां व सात अन्य लोगों के साथ निजी साधन से मुंबई से गांव आया था। यहां आने के बाद सभी होम क्वारंटीन में रह रहे थे। 17 जून को स्वास्थ्य टीम ने सभी का सैंपल लेकर जांच को भेजा था, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आई। इसमें मां-बेटी पॉजिटिव मिले हैं। साथ आए अन्य सात सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बरसठी ब्लाक के बसहरा गांव निवासी 18 वर्षीय युवक ट्रेन से 10 जून को दिल्ली से गांव आया था। वहीं हरियाणा से 15 जून को निजी साधन से आए सरसरा गांव में आए युवक का सैंपल भी 17 जून को लिया गया था। दोनों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चारों मरीज होम क्वारंटीन थे। रिपोर्ट आने से पहले तक उनमें कोई लक्षण स्पष्ट नहीं थे। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें पूविवि में बने कोविड-19 अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया है। संबंधित गांवों में सैनिटाइजेशन व कंटेन्मेंट गतिविधि के लिए निर्देशित किया गया है।