मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर, केराकत में हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि छात्रा समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मछलीशहर क्षेत्र के ग्राम खरूआंवा निवासी अनिल कुमार की पुत्री नेहा (15) कु ंवरपुर स्थित एक स्कूल से पढ़कर वापस घर लौट रही थी। बंधवा बाजर मार्ग के मोड़ पर ट्रक की चपेट में आने से वह घायल हो गई। छात्रा की कमर की हड्डी टूट गई। उसे एंबुलेस से सीएचसी लाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। उधर पवांरा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव के पास बुधवार की देर रात ट्रक के चपेट मे आने से से बाइक सवार युवक की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते मे मौत हो गई।
पवरडीह गांव निवासी विकास उर्फ बीरू दूबे (25) पुत्र राकेश दूबे बुधवार को खाखोपुर बाजार गया था और काम को पूरा कर वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। वह कुंवरपुर गांव के पास पहुंचा कि मछलीशहर की तरफ से आ रहे ट्रक के चपेट में आकर वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक मौके से ट्रक छोड़कर फरार हो गया । घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष हरिप्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ मौके से पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मछलीशहर भर्ती कराएं हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता राकेश कुमार दूबे की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
केराकत कोतवाली क्षेत्र हनुमान नगर चौराहे के पास गुरुवार को दोपहर एक बजे बाइक के धक्के से बाइक सवार सहित दो घायल हो गए। चंदवक थाना क्षेत्र के ग्राम चांदेपुर निवासी दीपक नागर (20) वर्ष बाइक से केराकत की ओर आ रहे थे कि हनुमान नगर के चौराहे के पास सेनापुर निवासी निकेश यादव पैदल सड़क पार करते समय बाइक से टकरा गए जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। निकेश यादव और दीपक नागर को दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां स्थिति नाजुक देख दीपक नागर को जिला चिकित्सालय हेतु रेफर कर दिया गया ।