हत्या के बाद मौके की जांच करते पुलिस अधिकारी।
गौराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव में गुरुवार को सुबह करीब सात बजे दो युवकों ने कहासुनी के दौरान एक दूसरे पर गोलियां चला दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है। आशनाई को लेकर दोनों में विवाद था। दोनों युवकों के घर महज सौ मीटर की दूरी पर हैं।
क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव निवासी लक्ष्मीकांत यादव और राजेश यादव के बीच आशनाई का विवाद काफी दिनों से था। इसे लेकर दो माह पूर्व उनमें जमकर मारपीट भी हुई थी। दोनों ने पुलिस को तहरीर भी दी थी। खतरे को देखते दोनों इन दिनों असलहा रखने लगे थे। गुरुवार को सुबह करीब सात बजे वे घर से तीन सौ मीटर दूर अपने धान के खेतों पर गए थे। वहां पर ही उनमें कहासुनी होने लगी। इसी बीच दोनों ने असलहा निकाल कर एक-दूसरे पर गोलियां चला दी। जिससे लक्ष्मीकांत (35) की मौके पर मौत हो गई। उसे एक गोली सीने पर और एक माथे में लगी थी। जबकि राजेश (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक गोली बांह और दूसरी गोली माथे में लगी है। पुलिस ने घायल राजेश को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया। गांव में तनाव को देखते हुए एसपीसिटी डॉ. अनिल कुमार पांडेय ने सभी थानों की फोर्स बुला ली थी। एसपी सिटी का कहना है कि आशनाई को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान ही दोनों ने एक दूसरे पर गोली चलाई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।