जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन जुलाई को मतदान सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। यह पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में जिलाधिकारी की कोर्ट में कराई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सपा से निशी यादव, अपना दल से रीता पटेल, निर्दल प्रत्याशी के रूप में श्रीकला धनंजय सिंह और नीलम सिंह शामिल हैं। जिनके भाग्य का फैसला करने के लिए 83 जिला पंचायत सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ऐसे में सभी जिला पंचायत सदस्य इन मतदाताओं से संपर्क करने में जुटे हैं। इसके लिए वह जिला पंचायत सदस्यों की हर डिमांड को पूरा करते देखे जा रहे हैं। दूसरी ओर जिला पंचायत सदस्य भी इस मौके का लाभ उठाने में जुटे हैं। वहीं, निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासनिक स्तर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे की भी व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जनपद में धारा 144 लागू कर दी गई है, किसी भी प्रकार का जुलूस नहीं निकाला जाएगा। चुनाव के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।