जौनपुर। कांग्रेस कमेटी की तरफ से सुख्खीपुर में बैठक की गई। पूर्व विधायक नदीम जावेद ने कहा कि भारत जोड़ों यात्रा की तर्ज पर जौनपुर में भी पदयात्रा का शुभारंभ होगा। इसमें बड़ी संख्या में छात्र, नौजवान, किसान एवं आम आदमी को जोड़ा जाएगा। जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए पदयात्रा की शक्ल में एक बड़े जनांदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से फेल है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। लूट हत्या डकैती छिनैती और महिलाओं के साथ उत्पीड़न जैसे संगीन मामले प्रदेश की पहचान बनते जा रहे हैं। कहा कि संगीन अपराध से जनपद जौनपुर भी अछूता नहीं है। जनपद में भी आए दिन छिनैती व बहन बेटियों के साथ उत्पीड़न हो रहे हैं जो अत्यंत चिंताजनक विषय होने के साथ-साथ जिला प्रशासन के फेलियर को भी दर्शाता है। प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में भय भूख भ्रष्टाचार का माहौल है। इस मौके पर प्रदेश सचिव पंकज सोनकर, राकेश सिंह डब्बू, राकेश मिश्रा, लाल प्रताप सिंह, जौहर अब्बास, जय मंगल यादव आदि रहे। अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार सिंह ने की। संचालन प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह व आभार शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ ख़ान ने व्यक्त किया।