महाराजगंज। थाना क्षेत्र के भटौली गांव में सोमवार की सुबह संदिग्ध हाल में वृद्ध का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
भटौली गांव सभा के बरगदा पुरवा निवासी रामलखन गौतम (70) रविवार की रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए। सुबह काफी देर तक नहीं उठे तो पुत्र फूलचंद उन्हें जगाने पहुंचे। कमरे में पहुंचते ही सन्न रह गए। छत की कुंडी से बंधे से रामलखन का शव लटक रहा था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। उसने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। बड़े पुत्र फूलचंद के मुताबिक पिता कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। रामलखन के दो पुत्र हैं। छोटा पुत्र लालचंद दिल्ली में रहता है। पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। थानाध्यक्ष अंगद प्रसाद तिवारी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ के बाद प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कुछ स्पष्ट होगा।