स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बड़नपुर सेनापुर गांव में सोमवार को एक वृद्ध की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। अंतिम संस्कार के लिए गोमती नदी के सिहौली घाट पर पहुंचे परिजन शव को चिता पर रखकर मुखाग्नि की तैयारी कर रहे थे, तभी मृतक के रिश्तेदार की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को चिता से उठाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के बड़नपुर सेनापुर निवासी बलिराम चौहान (65) की संदिग्ध हाल में सोमवार को सुबह करीब सात बजे मौत हो गई। मृतक के पट्टीदार और गांव के लोग अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर सिहौली स्थित गोमती घाट पर पहुंच गये। मुखाग्नि देने की तैयारी चल रही थी, तभी मृतक के साले के पुत्र वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र के जाठी गांव निवासी चेतन चौहान ने डायल 112 पुलिस को सूचना देते हुए आरोप लगाया कि उनके फूफा को जहर देकर मार दिया गया है। उन्होंने यह सूचना भी दी शव को अंतिम संस्कार के लिए गोमती नदी के सिहौली घाट ले जाया गया है। सूचना मिलने पर केराकत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को चिता से कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बलिराम चौहान से कोई संतान नहीं थी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन का कहना है कि बलिराम के रिश्तेदार चेतन चौहान की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।