बच्चा चोरी के अफवाह में वृद्धा की लोगों ने की पिटाई
वृद्धा ने जान बचाने के लिए नदी में छंलाग लगाई
जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर बंधवा गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
जफराबाद। थाना क्षेत्र के अहमदपुर बंधवा गांव के हरिजन बस्ती में शुक्रवार को शाम करीब छह बजे मानसिक रूप से बीमार वृद्ध महिला को बच्चा चोरी के आरोप में लोगों ने पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए महिला नदी में कूद गई। स्थानीय मछुआरों ने नाव से उसे बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को साथ लेकर थाने गई। उधर पिटाई करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
गांव के हरिजन बस्ती में एक मानसिक रूप से बीमार महिला को टहलते हुए ग्रामीणों ने देखा। किसी ने महिला पर बच्चा चोरी करने वाली बताकर गांव में अफवाह फैला दी। बात थोड़ी ही देर में जंगल में आग की तरह फैल गई। गांव के तमाम लोग महिला को पकड़ने के लिए दौड़ गए। महिला गांव के पास स्थित नदी के किनारे सरपट के झुरमुट में कूद गई। उसके बाद भी लोग नहीं माने तो अपनी जान बचाने के लिए नदी में कूद गई। नदी के दूसरे छोर पर स्थित गांव में भी शोर हो गया। गांव के लोग भी इकट्ठे हो गए। महिला को नदी से बाहर निकालने के लिए स्थानीय मछुआरों ने छोटी नाव से खींचकर बाहर निकाला। हालांकि महिला को लोगों ने दो, चार थप्पड़ ही मारा तब तक सूचना पर जफराबाद चौकी के सिपाही मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर में ही एसओ क्षेत्राधिकारी, एसपी सिटी भी मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी अनिल पांडेय का कहना है कि महीला की पिटाई नहीं हुई है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले गई है।