जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम स्वनिधि योजना और पीएम स्वामित्व योजना की समीक्षा हुई। इसमें डीएम ने लक्ष्य पूरा न होने पर विभागीय अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लोगों का चयन कर योजना का शीघ्र लाभ दिलाने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि पीएम स्व निधि योजना के तहत 10,000 रुपये तक का लोन रेहड़ी पटरी वालों को दिया जाना है। जनपद में यह योजना अभी अपने लक्ष्य से पीछे चल रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाएं और शीघ्र ही फॉर्म स्वीकृत कराकर लोन पास कराएं। ताकि रेहड़ी पटरी वाले छोटे व्यापारी अपना कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि अगर कोई बैंक अधिकारी लापरवाही करता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीएम स्वामित्व योजना के संबंध में भी निर्देशित किया कि इस योजना को गति देने के लिए सभी मिल कर कार्य करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी भू राजस्व राजकुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामप्रकाश और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।