जौनपुर। विकासखंड सभागार मड़ियाहूं में सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों की बैठक ब्लॉक प्रमुख रेखा यादव की अध्यक्षता में हुई। सदस्यों ने जिला स्तरीय अधिकारियों के क्षेत्र पंचायत की बैठक में न आने पर नाराजगी जाहिर की।
उपस्थित सदस्यों ने सदन में पोषाहार वितरण में अनियमितता, नलकूप, शौचालय, मनरेगा आदि मुद्दों पर सदन का ध्यान आकृष्ट कराया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने क्षेत्र के विकास कार्यों का 8 करोड़ 15 लाख का प्रस्ताव क्षेत्र प्रमुख के माध्यम से खंड विकास अधिकारी को सौंपा।
जिला पंचायत सदस्य प्रेम नारायण यादव बाबा ने सदन में गांव में सब्जी उत्पादकों की सुविधा के लिए गांव में सब्जी मंडी बनाने, क्षेत्र के जर्जर बिजली के तारों में खंभों को ठीक कराने व पोषाहार वितरण में हो रही धांधली को दूर करने की बात उठाई। इस अवसर पर गिरजेश प्रसाद बीडीओ, एडीओ पंचायत प्रदीप गौतम, अरुण यादव खंड शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह रहे।