जौनपुर। गेहूं की अधिक से अधिक क्रय और किसानों की सुविधा को देखते हुए अब अवकाश के दिन भी क्रय केंद्र खुले रहेंगे। छुट्टी के दिन क्रय केंद्र बंद रहने से रोजगार करने वाले किसानों को परेशानी होती थी। इससे अब सहूलियत मिलेगी। 142 केंद्रो पर अब तक चार हजार 144 टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। जिसमें से करीब 82 फीसदी भुगतान हो चुका है।
जिले में गेहूं खरीद के लिए 142 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। अक्सर छुट्टियों के दिन भी किसान अपनी उपज बेचने के लिए क्रय केंद्रों पर पहुंच जाते हैं। केंद्र बंद होने से उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन किसानों को ज्यादा समस्याएं होती हैं जो कहीं नौकरी करते हैं। ऐसे में छुट्टी के दिन क्रय केंद्र बंद होने से किसान गेहूं क्रय केंद्र पर नहीं पहुंच पाते हैं। इसलिए अब अवकाश के दिन भी केंद्र खुले रखने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए शासन की ओर से जिले के केंद्र प्रभारियों को निर्देश भी जारी किया गया है।
4144 टन गेहूं की हुई खरीद
जौनपुर। जिले में 142 क्रय केंद्रों पर कुल 96 हजार टन गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित है। गेहूं बेचने के लिए 6241 किसानों ने अभी तक पंजीयन कराया है। इसमें से 859 किसानों ने अपनी उपज की बिक्री की है। अभी तक कुल 4144 टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। जिसकी कीमत नौ करोड़ 51 लाख है। इसके सापेक्ष सात करोड़ 83 लाख का भुगतान किसानों को कर दिया गया है। शेष प्रक्रिया में है।
वर्जन
क्रय केंद्रों पर अधिक से अधिक गेहूं की खरीद हो सकें इसके लिए अवकाश के दिन भी क्रय केंद्र खुले रखने के लिए शासन का निर्देश मिला है। इसके लिए सभी क्रय केंद्र के प्रभारियों को सूचित कर दिया गया है। अब तक 142 क्रय केंद्रों से चार हजार 144 टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। अब अवकाश के दिन भी किसान अपनी उपज बेंच सकेंगे।
एनके पाठक, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।