जौनपुर। माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की मनमानी पर अंकुश लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। विद्यालयों को हाईटेक करने के साथ ही ऑनलाइन करने के साथ ही शिक्षकों की हाजिरी के लिए बायोमेट्रिक मशीन लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। शिक्षक और कर्मचारियों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए शासन ने यह कदम उठाया है। राजकीय व माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की मनमानी रोकने के लिए अब उनकी उपस्थिति बायोमेट्रिकसे लगेगी। शिक्षकों व कर्मचारियों का पूरा ब्योरा भी ऑनलाइन दर्ज होगा और एप को शिक्षकों के वेतन से जोड़ा जाएगा। शिक्षकों की उपस्थिति की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर पर पोर्टल बनाया जाएगा। शासन ने एक माह में विद्यालयों में बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू कर इसकी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिया है।
जिले में कुल 641 माध्यमिक विद्यालय हैं। जिसमें 31 राजकीय विद्यालय और 150 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। शेष वित्तविहीन विद्यालय हैं। विद्यालयों में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों की निगरानी करने के लिए अपर शिक्षा निदेशक ने शिक्षकों की हाजिरी बायोमेट्रिक के माध्यम से दर्ज कराने का निर्देश दिया है। एक सप्ताह पहले सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र पहुंच गया है। विद्यालयों के वेबसाइट पर पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने तथा एक माह के अंदर बायोमेट्रिक से शिक्षकों की हाजिरी शुरू कराने का निर्देश दिया है। इतना ही नहीं विद्यालयों का पोर्टल तैयार कराने के साथ उनकी वेबसाइट भी बनाई जाएगी। जिस पर विद्यालय का पूरा लेखा जोखा अपटेड रहेगा। जरूरत पड़ने पर विद्यालयों का आनलाइन जांच ही की जा सकेगी।
शासन की ओर से जारी पत्र में शिक्षक और कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी के लिए मशीन लगाने का निर्देश दिया गया है। एक माह में व्यवस्था पूरी कर सूचना शासन को उपलब्ध करानी है। शीघ्र शासनादेश का अनुपालन शुरू करा दिया जाएगा।- राजकुमार पंडित, डीआईओएस जौनपुर