जौनपुर। जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि गैस वितरण में अनियमितता मिलने पर सिरकोनी ब्लाॅक के सावित्रि एचपी ग्रामीण गैस वितरक परियावां को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 21 मई को दोपहर 12 बजे तक स्थिति स्पष्ट नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी ने रात में लोगों के खड़े होने की तस्वीर शेयर की थी। इस संबंध में एचपी गैस के विक्रय प्रबंधक से आख्या प्राप्त की गई। इसमें एजेंसी संचालन के संबंध में अनियमितताएं बरते जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि एजेंसी के प्रारम्भिक स्टॉक एवं उपलब्ध स्टॉक के संबंध में अन्तर होने का स्पष्ट उल्लेख पाया गया है। इस संबंध में यह भी उल्लेख है कि डिलीवरी के उपरांत प्रतिदिन डीएससी, ओटीपी अंकित करने का कार्य नहीं किया जा रहा है। इसके कारण ऑनलाइन स्टॉक एवं ऑफलाइन स्टॉक में अंतर है। एजेंसी की ओर से 15 मई के बाद कोई भी लोड नहीं उठाया गया है। एजेंसी स्तर पर 1722 बुकिंग डिलीवरी के लिए पेंडिंग है। जिलापूर्ति अधिकारी ने एजेंसी को निर्देशित किया है कि इन बिंदुओं के संबंध में 21 मई को अपराह्न 12 बजे तक स्थिति स्पष्ट करें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।