सहकारी पश्चिमी में लटकते तार के नीचे से जाते लोग। संवाद
जौनपुर। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रात में की जा रही चार घंटे से ज्यादा की कटौती से लोगों की नींद हराम हो गई है। मुख्यालय पर भी बिजली आपूर्ति नियमित न होने से शहरवासी परेशान हैं। रोडवेज व शेखपुर मोहल्ले में ट्रासफॉर्मर में लगे केबल जलने से रात 12 बजे से दिन में 12 बजे तक बिजली बाधित रही। जिले में तापमान 44 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। चिलचिलाती गर्म से निजात पाने के लिए लोग एसी, कूलर का सहारा ले रहे है। सुबह आठ बजे के बाद से ही बिजली घर हाफ रहे है। गांव में जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील पर 21.30 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली देने प्रावधान है। नगर क्षेत्र में दिन-रात मिलाकर 10 से 12 घंटे और ग्रामीण क्षेत्र में 8 से 10 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। दिन और रात में बिजली कटौती होने से उपभोक्ता परेशान हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रह रही है। बरसठी : इन दिनों क्षेत्र में बिजली 18 घंटे आपूर्ति के बजाय 8 घंटे ही लोगों को ठीक से मिल पा रही है। सुइथाकला : क्षेत्र में बिजली के आने-जाने का कोई समय निश्चित नहीं है। शाम 7 बजे से बिजली रोस्टिंग और लोड अधिक होने का हवाला देकर 9 से 10 घंटे तक कटौती की रही है। बदलापुर। क्षेत्र में हर आधे घंटे में बिजली ट्रिप व कटौती से लोग परेशान हैं। बिजली कटौती का आलम यह है कि बुधवार की रात क्षेत्र के जगजीवनपट्टी, लग्गूपुर, वीरपालपुर, मादापुर के उपभोक्ताओं को महज दो घंटे बिजली मिली वह भी कटपीट के बीच। मछली गांव फीडर संचाालित घनश्यामपुर गांव में भी यही हाल है। मड़ियाहूं : भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 5 से 7 घंटे व नगर क्षेत्र में 10 से 12 घंटे बिजली मिल पा रही है। हर आधे घंटे पर ट्रिपिंग से बूढ़े, बच्चे व बीमार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में रात के समय महज 3 से 4 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। मछलीशहर: गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की कटौती भी बढ़ गई हैं। नगरवासियों के अनुसार नगर में दो के बजाय चार से पांच घंटे तक कटौती हो रही है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में 6 घंटे के बजाय 8 से 10 घंटे कटौती हो रही हैं। दिन के अलावा रात में भी बिजली की कटौती किया जा रहा है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं। मीरगंज : जंघई व गोपालापुर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले 72 गांव में रात भर बिजली नहीं रहने से लोग परेशान रहे। बुधवार को फाॅल्ट के कारण एमबी फीडर के गावों को पूरे दिन बिजली नहीं मिली। सिकरारा विद्युत उपकेंद्र से बुधवार को दिन रात मिलाकर 2 से 3 घंटे बिजली की आपूर्ति हुई। भीषण गर्मी व उमस से परेशान लोग घरों से बाहर निकल कर रतजगा को मजबूर हुए। क्षेत्र के लगभग 200 गांवों के उपभोक्ता अघोषित बिजली कटौती, रोस्टिंग तो कभी फाल्ट ठीक करने के बहाने बिजली आपूर्ति बाधित हो जाता है।