ग्राम पंचायत पवांरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े लाभार्थियों को बाल विकास विभाग योजना के तहत मिलने वाली सुविधाएं मुहैया नहीं कराए जाने पर संबंधित कार्यकर्ता को नोटिस जारी किया गया है। सीडीपीओ ने कहा कि लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गांव निवासी सुमित्रा, खुशबू, अनीता, लक्ष्मी, रेनू, राजकुमारी, निर्मला देवी, शांति देवी आदि ने आईजीआरएस पर दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि पवांरा गांव में बाल विकास योजना के तहत बच्चों, किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए आने वाले पोषाहार एवं खाद्य सामग्री के वितरण में अनियमितता बरती जा रही है। लाभार्थियों में वितरित करने की बजाय पोषाहार की कालाबाजारी की जा रही है। ग्रामीणों ने इस मामले की जांच कराने एवं दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीडीपीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि ग्रामीणों से मिली शिकायतों के आधार पर संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी कर रजिस्टर आदि तलब किया गया है। रजिस्टर में दर्ज नाम के आधार पर इसका सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को अनियमितता करने की छूट नहीं दी जाएगी।